साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश, छठ व्रतियों की सुविधा पर विशेष जोर
संवाददाता/किशनगंज
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने किशनगंज प्रखंड की बेलवा पंचायत स्थित ओदरा छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने, घाट तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त रखने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने छठ पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।
गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी विशेष निगरानी
घाट पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने घाट के गहरे एवं खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने, जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी संकेत लगाने का निर्देश दिया। जल में उतरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना करने के लिए जागरूक करने को कहा गया।
डीएम ने संबंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ छठ पर्व की तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना करें, घाटों पर जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और पर्व को स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।