न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

लक्ष्मीपुर में इफ्तह फाउंडेशन ने निकाला स्वच्छता जागरूकता मार्च, पूरे पंचायत में दिया स्वच्छता का संदेश

दिघलबैंक/मुरलीधर झा

प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत में शुक्रवार को इफ्तह फाउंडेशन की ओर से स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। इसका उद्देश्य पंचायत के लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

अभियान के तहत फाउंडेशन के सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पूरे लक्ष्मीपुर पंचायत में पैदल मार्च कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों से अपने घरों, गलियों, सड़कों तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की गई।


इस दौरान लोगों को बताया गया कि कूड़ा-कचरा इधर-उधर नहीं फेंकें, बल्कि उसे कूड़ेदान में डालें। आसपास पानी जमा नहीं होने दें तथा प्लास्टिक सहित अन्य कचरे का उचित निस्तारण करें, ताकि गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से बचाव हो सके।

फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और आसपास की सफाई को अपनी जिम्मेदारी समझना होगा। तभी स्वच्छ पंचायत का सपना साकार हो सकता है।
वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों में मुखिया अखलेसुर रहमान, ऐनुल हक, वकील कौसर आलम सहित अन्य लोगों ने भी अभियान में भाग लिया।


इफ्तह फाउंडेशन की इस पहल को पंचायत में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है। संस्था की ओर से लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता की शुरुआत अपने घर से करें और इसे पूरे गांव एवं पंचायत तक पहुंचाएं।

फाउंडेशन की अपील: आइए, हम सब मिलकर संकल्प लें कि न खुद गंदगी फैलाएंगे और न दूसरों को फैलाने देंगे। अपने गांव, पंचायत और वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करेंगे।


इस मौके पर इफ्तह फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. वसीम आलम, डॉ. मंजर आलम, शीताबुद्दीन, फैजूर रहमान, मुरसालीन शेरशाहबादी, तौहीद आलम, डॉ. महबूब आलम, मैनुल हक, डॉ. अजीजुर रहमान, शाह आलम, दिलदार आलम, मास्टर नैयर आलम एवं मास्टर अंजार आलम सहित फाउंडेशन की पूरी टीम मौजूद रही।

Share this news

Leave a Comment