बरारी /कटिहार – महादलित परिवारों को घर में शौचालय निर्माण के लिए प्रोत्साहित करने और स्वच्छता अभियान को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रखंड सभागार में बैठक आयोजित की गई। बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं संबंधित कर्मियों को पात्र परिवारों तक सरकारी सहायता का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में शौचालय निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने और लाभुकों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में जानकारी दी गई कि शौचालय निर्माण के इच्छुक एवं पात्र महादलित परिवारों को जीविका के माध्यम से 10 हजार रुपए का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, शौचालय निर्माण पूरा होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र लाभार्थियों को 12 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जानी है।
इस दौरान बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज ने कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पंचायत स्तर पर महादलित परिवारों से संपर्क स्थापित करें। उन्हें घर में शौचालय होने से स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और सम्मान को मिलने वाले लाभों की जानकारी दें।
बैठक में प्रखंड समन्वयक नीरज कुमार, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक मो. तोसीफ, स्वच्छता पर्यवेक्षक अशोक कुमार साह, संतोष कुमार, अजित, सिकंदर कुमार, राजेश चौहान, तारीक, विकास कुमार, फेकन पासवान, दिलचंद ऋषि, पूनम कुमारी और चिंता कुमारी सहित विभिन्न पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे ।