न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत किसानों को प्राकृतिक खेती का दिया गया प्रशिक्षण

फुलबाड़ी में 40 किसानों के बीच सात प्रकार की सब्जियों के बीज वितरित, कम लागत में खेती कर आय बढ़ाने पर दिया गया जोर।

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत खनियाबाद पंचायत के फुलबाड़ी गांव में मंगलवार को वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत किसानों के लिए बहुस्तरीय सब्जी की खेती एवं प्राकृतिक खेती पर प्रशिक्षण- सह- उपादान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को कम लागत में टिकाऊ खेती अपनाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से कृषि उत्पादन बेहतर बनाने की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों, विशेषकर बीजामृत, जीवामृत एवं सुपर कम्पोस्ट तैयार करने की विधि और खेतों में उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।

किसानों को इन पद्धतियों को अपनाकर खेती की लागत कम करने तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।इस अवसर पर कुल 40 किसानों के बीच सात प्रकार की सब्जियों के बीज वितरित किए गए। किसान सलाहकार के सहयोग से किसान इन बीजों का उपयोग कर बहुस्तरीय सब्जी की खेती करेंगे। साथ ही, उन्हें प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले आवश्यक अवयवों को स्वयं तैयार कर अपने खेतों में इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को टिकाऊ एवं कम लागत वाली कृषि पद्धतियों से जोड़ना, सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देना और उनकी आय में वृद्धि की संभावनाओं को मजबूत करना है।इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी प्रभात कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर, कृषि समन्वयक सुमंत कुमार एवं संतोष कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक सुदीप कुमार तथा किसान सलाहकार हुसैन अलम जामी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Comment