बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड के चांदपारा पंचायत के धचना में एक बालिका रुखसार खातून(7) की मौत उसके ननिहाल के निकट स्थित महानंदा नदी में डूब जाने से हो गयी। मृत बालिका रुखसार आजमनगर प्रखंड स्थित बौलानिमोल ग्राम निवासी मोहम्मद सेमफुल की पुत्री है। जानकारी के अनुसार मृतका धचना ग्राम में अपने माता पिता के संग अपनी मौसी की शादी में आई हुई थी।
परिजनों ने बताया कि रुखसार सोमवार की दोपहर से ही लापता थी। परिजनों के मुताबिक वें लोग इस बात को लेकर पूरी तरह से आश्वसत थे कि रुखसार पड़ोसी रिश्तेदार के घर पर बच्चों के संग खेल रही होंगी। परंतु देर तक बच्ची का आता-पता नहीं मिलने पर परिजनों ने खोजबीन करना शुरू कर दिया। चुंकि घर के नजदीक महानंदा नदी बहती है तो परिजनों ने पहले तो बच्ची को स्वयं अपने स्तर से नदी में बहुत खोजा। परन्तु दुर्भाग्य से उन्हें असफलता हाथ लगीं।
थक हार कर परिजनों ने अंचल कार्यालय बारसोई को इसकी सुचना दी। एनडीआरएफ की टीम भेजनें की गुहार लगाई। मामले को अपने संज्ञान में लेते हुए अंचलाधिकारी बारसोई श्याम सुन्दर ने मंगलवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। एनडीआरएफ की टीम के द्वारा काफी मशक्कतों के बाद रुखसार के शव को मंगलवार को नदी से बाहर निकाला गया।
नदी से शव की बरामदगी होते ही बच्ची के ननिहाल एवं घर पर मानों पूरी तरह से मातम सा छा गया। ननिहाल में शादी की खुशियां बिलकुल ही मातम में बदल गईं। बच्ची के माता पिता बच्ची के शव को अपने साथ बौला निमोल लेकर चले गए। मौके पर मृत बच्ची के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करने से इंकार किया।