न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

महाराज स्थान की सरकारी जमीन को कराया गया अतिक्रमण मुक्त

प्रशासन की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

आजमनगर /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के आजमनगर बाजार स्थित महाराज स्थान की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए मंगलवार को अंचल प्रशासन ने कार्रवाई की। अंचलाधिकारी अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस दौरान पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। जानकारी के अनुसार, आजमनगर थाना नंबर 460, मौजा आजमनगर, खाता संख्या 742 तथा खेसरा संख्या 986 और 987 की जमीन गैरमजरुआ सर्वसाधारण सरकारी भूमि है।

उक्त जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए राजू भगत की ओर से वर्ष 2022-23 में आवेदन दिया गया था। आवेदन के आलोक में तत्कालीन अंचलाधिकारी द्वारा बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम के तहत वाद संधारित किया गया था। मामले में अंतिम आदेश पारित होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया था।अंचलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि उनके योगदान देने के बाद मामला संज्ञान में आया।

इससे पहले भी अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस बल की मांग की गई थी। बाद में राजू भगत की ओर से सहयोग शिविर पोर्टल पर आवेदन दिया गया, जिसके बाद जिलाधिकारी स्तर पर मामले की समीक्षा की गई। इसके आलोक में उन्होंने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि जुगल भगत द्वारा जमीन पर अतिक्रमण किया गया था।

वहीं, तीन अन्य व्यक्तियों ने गुमटी रखकर तथा एक व्यक्ति ने मवेशी रखकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था।अंचलाधिकारी ने बताया कि आजमनगर थानाध्यक्ष से पुलिस बल की मांग की गई थी। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए संबंधित सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।


आजमनगर बाजार को भी कराया जाएगा अतिक्रमण मुक्त।आजमनगर बाजार की अन्य सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के संबंध में पूछे जाने पर अंचलाधिकारी ने बताया कि तत्कालीन अंचलाधिकारी द्वारा बाजार क्षेत्र में सीमांकन कराया जा चुका है तथअतिक्रमणकारियों को नोटिस भी दिया गया है। इस मामले की जानकारी उन्हें है।

उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र को भी जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इससे बाजार में अतिक्रमण की समस्या से निजात मिलने और आम लोगों को आवागमन में सुविधा होने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Comment