फलका /कटिहार – प्रखंड के सालेहपुर महेशपुर में 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तेमा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रविवार को यातायात डीएसपी सद्दाम हुसैन ने इज्तेमा स्थल पहुंचकर विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।आयोजन स्थल पर की गई तैयारियों को देखकर उन्होंने संतोष जताया और व्यवस्थाओं की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान अररिया जिले से पहुंचे खुर्शीद अहमद ने डीएसपी को इज्तेमा स्थल पर पेयजल, बिजली, ठहरने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी दी।साथ ही इज्तेमा में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाहनों के आवागमन, पार्किंग और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए किए जा रहे इंतजामों से भी अवगत कराया गया।
डीएसपी सद्दाम हुसैन ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और विधि-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। तीन दिवसीय आयोजन में दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखना और आम लोगों को जाम की समस्या से बचाना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होगा।
मौके पर यातायात थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मुकेश कुमार मंडल, यातायात अपर थानाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव सहित पुलिस बल मौजूद रहे। वही मुखिया अब्दुल माजिद, सरपंच मो. आमिल उर्फ भुट्टो, भंसार के मो. नैयर आलम, शहीदगंज के मो. मुन्ना, मो. इबरार आलम ने भी व्यवस्थाओं के निरीक्षण में सहयोग किया।इज्तेमा को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन समिति एवं स्थानीय लोग बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे हैं।