विकसित भारत संकल्प सभा सह सेवा ज्योति यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ प्रज्वलित हुई सेवा ज्योति
कटिहार – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को कटिहार विधानसभा क्षेत्र के मिरर्चाईबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर सेवा ज्योति चौक पर भव्य ‘विकसित भारत संकल्प सभा सह सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री सह कटिहार जिला प्रभारी मंत्री डॉ .प्रमोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन एवं मंचासीन अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण सुना।
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री डॉ .प्रमोद कुमार ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणादायी यात्रा है। सेवा-भाव और विकसित भारत का संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सेवा एवं समर्पण की इस यात्रा को जनभागीदारी के माध्यम से और व्यापक बनाते हुए विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में प्रत्येक कार्यकर्ता एवं नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के प्रति समर्पण, उनके विचारों एवं ओजस्वी उद्बोधन का सामूहिक रूप से श्रवण किया गया। इसके पश्चात सेवा ज्योति मशाल प्रज्वलित कर भव्य पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इसके बाद मिर्चाईबाड़ी चौक पर सेवा ज्योति मशाल को स्थापित किया गया, जिसे ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के गौरवशाली सार्वजनिक जीवन की चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इन वर्षों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है।
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, प्राणपुर विधायक सह भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, भाजपा जिला महामंत्री रामनाथ पांडेय, गोविंद अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार, पूर्व महामंत्री वीरेंद्र यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियंका सिंह, कार्यक्रम संयोजक रीना झा, बीना कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।