बरारी/कटिहार – बरारी प्रखंड में मतदाता सूची में अनियमितताओं एवं चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन के आह्वान पर राजद कांग्रेस सहित गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बरारी थाना चौक पर विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शन का नेतृत्व तौकीर आलम ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रोष मार्च निकाला तथा केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री , केंद्रीय गृह मंत्री एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया ।कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब देने की मांग उठाई।प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं इंडिया गठबंधन की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे का समर्थन किया।
नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। यदि मतदाता सूची को लेकर किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।ताकि आम मतदाताओं का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास कायम रहे।तौकीर आलम समेत अन्य नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए।
मतदाताओं के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने हटाने अथवा संशोधन से संबंधित शिकायतों का नियमानुसार समाधान किया जाना आवश्यक है।
प्रदर्शन में मो.सलीम, संजू सिंह, शालिग्राम यादव ,दिलफराज मो.गुड्डू खान मो.नईम मो.नसीम दिलीप ठाकुर मो.सद्दाम आजाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में इंडिया गठबंधन के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे लेकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।नेताओं ने बताया कि इंडिया गठबंधन की ओर से गुरुवार को कटिहार जिला मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया जाएगा।बरारी के कार्यक्रम में शामिल नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में प्रस्तावित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से भाग लेने की अपील की।