देवीपुर के पास टोटो में ठोकर मारकर भाग रहा था कार सवार
पुलिस ने पीछा कर बल्थी महेशपुर चौक के पास पकड़ा
कुरसेला/कटिहार -रविवार की सुबह देवीपुर गिट्टी पलांट के पास टोटो में ठोकर मारकर भाग रही कार को पुलिस ने एसएच 77 पर बल्थी महेशपुर चौक के पास पकड़ लिया। कार की तलाशी में 340.86 लीटर ऑफिसर चॉइस टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद किया गया। हालांकि कार सवार तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची बनाकर कार बीआर 08 आर 6037 को थाना ले आई।
जानकारी के मुताबिक कार सवार तस्कर समेली की तरफ से कुरसेला की ओर आ रहा था। इसी क्रम में तेज रफ्तार कार के चालक ने देवीपुर के पास एक टोटो को ठोकर मार कर भाग निकला। जिसकी सूचना पुलिस को लग गई, सूचना पर पुलिस ने कार को कुरसेला चौक पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार चालक नवगछिया की ओर भागने लगा।
इसके बाद पुलिस ने कटरिया पुलिस पीकेट के पास बेरिकेडिंग लगा दिया, बैरिकेडिंग लगा देख चालक कार घुमाकर कुरसेला चौक होते हुए चांदपुर की ओर निकल गया। पुलिस कार के पीछे लगी थी, पीछे पुलिस गाड़ी देख चालक बल्थी महेशपुर चौक के पास कार खड़ी कर भाग गया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि कार से ऑफिसर चॉइस की 340.86 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया है। फरार कार सवार की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।