चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
फलका/कटिहार – विगत बुधवार की आधी रात महेशपुर नहर टोला में गोलियों की गूंज ने जिस परिवार को झकझोर दिया। वहां दूसरे ओर तीसरे दिन भी खौफ का साया रहा।घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी वारदात में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण पीड़ित परिवार काफी डरे व सहमे हुए हैं। शनिवार को परिवार के लोग केवल आवश्यक काम से ही घर से बाहर निकलते नजर आए। गृहस्वामी नेपाली साह और उनकी पत्नी बिल्टी देवी के चेहरे पर उस खौफनाक रात का डर साफ दिखाई दे रहा है।
घटना में घायल नीतू देवी अपने पति विकास कुमार के साथ घर के सामने संचालित किराना दुकान को चलाने में बराबर की भूमिका निभाती थीं। परिजनों के अनुसार दुकान के संचालन से लेकर ग्राहकों से लेन-देन और हिसाब-किताब तक की पूरी जिम्मेदारी नीतू के कंधों पर थी। परिजनों ने बताया कि विकास कुमार कम पढ़े-लिखे हैं।
जबकि नीतू शिक्षित थीं। इसी वजह से दुकान का अधिकांश काम वही संभालती थीं। परिवार को क्या पता था कि जिस महिला के हाथों में पूरे घर और दुकान की जिम्मेदारी थी, वही आधी रात बदमाशों की गोली का निशाना बन जाएगी। पुलिस ने पीड़ित के ससुर नेपाली साह के फर्द बयान पर दो नामजद आरोपियों और घटनास्थल से बरामद बाइक के मालिक समेत अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद से रविवार को भी पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि कांड का अनुसंधान वैज्ञानिक तरीके से चल रहा है और बहुत जल्द मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।