नगर निगम कर्मी ने थाने में दी शिकायत
कटिहार -नगर निगम कटिहार में बाजार शुल्क की विभागीय वसूली के दौरान फर्जी बट्टी टिकट के जरिए कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर निगम की ओर से मुफस्सिल थाना कटिहार में लिखित शिकायत देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार कार्यालय ज्ञापांक 3294/ननि0, दिनांक 07.09.2026 के माध्यम से बाजार शेष भाग की विभागीय वसूली के लिए कर्मी को प्रतिनियुक्त किया गया था तथा निर्धारित दर पर बट्टी काटने के लिए टिकट भी उपलब्ध कराया गया था। शिकायत में बताया गया है कि 11 सितंबर 2026 की रात ईमलीगाछ सूर तुलसी कॉलेज के समीप एक वाहन चालक से कथित तौर पर जबरन फर्जी बट्टी टिकट के माध्यम से राशि वसूल की गई।
पूछताछ के दौरान वाहन चालक की ओर से बताया गया कि संबंधित व्यक्ति के फोन-पे पर ₹120 की राशि भेजी गई थी।नगर निगम कर्मी ने पूरे मामले को अवैध वसूली एवं फर्जी टिकट के इस्तेमाल से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के साथ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन एवं कथित फर्जी टिकट की छायाप्रति भी संलग्न किए जाने का उल्लेख है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि फर्जी टिकट और कथित ऑनलाइन भुगतान के पीछे कौन जिम्मेदार है। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच को लेकर विगत रात मुफ्फसिल थाना के पदाधिकारी के साथ चिन्हित स्थल का जायजा लिया गया था। जिसके बाद मामला दर्ज करने का निर्देश दिया गया। मुफ्फसिल थाना में 368/26 कांड अंकित किया गया है।