न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कटिहार:जिले के 1.33 लाख परिवारों के खाते में भेजी गयी जीआर की राशि -डीएम

सभी परिवारों को सात हजार की दर से दिया गया है जीआर की राशि।

कटिहार–जिले में गंगा, कोसी, बरंडी और कारीकोसी नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। बाढ से कुर्सेला, बरारी, अमदाबाद, मनिहारी, मनसाही, समेली और प्राणपुर प्रखंड के अंतर्गत 59 ग्राम पंचायतों के 607 गांव एवं 4 नगर पंचायतों के 40 वार्डों की कुल 9,39,766 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। यह जानकारी जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रेसवार्ता आयोजित कर पत्रकारों को दी है।

बाढ़ राहत कार्यों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि आज राज्य के मुख्यमंत्री के द्वारा बाढ़ से प्रभावित परिवारों को अनुग्रह अनुदान सहायता राशि जीआर के वितरण का औपचारिक शुभारंभ किया गया। जिसमें जिले के 1,33,798 बाढ प्रभावित परिवारों को 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में कुल 93,65,86,000 रुपये की राशि अंतरित कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में अमदाबाद के 49,233,मनिहारी के 46,626, कुर्सेला के 16,549, बरारी के 15,751, समेली के 4,155 और मनसाही के 1,484 परिवार शामिल हैं। शेष पात्र परिवारों को भुगतान की कार्रवाई अगले चरण में पूरी की जाएगी।डीएम ने बताया कि आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन और आवश्यक सामग्रियों की ढुलाई के लिए कुल 142 नाव और बरारी अंचल में 2 मोटरबोट का लगातार परिचालन हो रहा है।

विस्थापितों और जलमग्न घरों में रह रहे लोगों के लिए 451 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए हैं, जिनके माध्यम से अब तक 44,92,964 लोगों को पका भोजन कराया जा चुका है। वहीं प्रभावितों के बीच 410 सूखा राशन पैकेट और 76,065 पॉलीथीन शीट का भी वितरण किया गया है।स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने के लिए इन क्षेत्रों में 347 चिकित्सा शिविर लगाया गया है,जिसमें अब तक लगभग 24,060 लोगों का इलाज किया गया है।

साथ ही 439 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, 6,930 हैलोजेन टैबलेट का वितरण और मनिहारी व अमदाबाद में 2 बोट एंबुलेंस की सेवा भी दी जा रही है। पशुओं के उपचार के लिए 4 विशेष चिकित्सा शिविर और मोबाइल वेटरनरी यूनिट के माध्यम से 5,646 मवेशियों का इलाज किया गया है, जबकि विस्थापित पशुओं के लिए 661.20 क्विंटल गेंहूँ का भूसा वितरित किया जा चुका है।

डीएम ने बताया है कि पेयजल और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा 184 नए चापाकल और 206 अस्थायी शौचालय स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर बढ़ने से सात अंचलों का लगभग 6,741 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिसमें मुख्य रूप से धान, जूट, मक्का, केला और सब्जियों की फसलें लगी हुई थीं। प्रेस वार्ता के दौरान एसडीएम सूरज कुमार एसडीसी अभिषेक रंजन , जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार मौजूद रहे ।

Share this news

Leave a Comment