किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में मंगलवार से वर्ग 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं की अर्धवार्षिक परीक्षा शुरू हो गई। परीक्षा को लेकर विद्यालयों में बच्चों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में शामिल होकर अपनी अब तक की शैक्षणिक तैयारी और ज्ञान का मूल्यांकन किया।
अर्धवार्षिक परीक्षा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई। साथ ही विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाएं परीक्षा संचालन एवं निगरानी में सक्रिय रहे।परीक्षा शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्र-छात्राओं को अनुशासन के साथ परीक्षा में शामिल होने तथा प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर उत्तर लिखने के लिए प्रेरित किया गया। परीक्षा के दौरान विद्यालयों में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।
विद्यालयों में आयोजित अर्धवार्षिक परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयवार शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जाएगा। इससे बच्चों की पढ़ाई में उनकी उपलब्धि एवं कमजोर पक्षों की जानकारी प्राप्त होगी, जिसके आधार पर आगे की पढ़ाई को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों में भी उत्सुकता देखी गई।