किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के कालपीर एवं झुनकी मुशहरा पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। झुनकी मुशहरा पंचायत में आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की, जबकि कालपीर पंचायत में आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी विवेक भारती ने की। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। अधिकारियों ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।
इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी आदिल अनवर, थानाध्यक्ष दिलशाद खान, राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार, राजस्व कर्मचारी अरुण कुमार पांडेय, पंचायत सचिव बाल कृष्ण पासवान, उपमुखिया रिजवान आलम सहित स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को शिविर में रखें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित समाधान कराया जा सके।