न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

सीमा क्षेत्र में एसएसबी और एपीएफ की संयुक्त गश्त, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ाई गई सतर्कता

मुरलीधर झा /दिघलबैंक/किशनगंज

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर एसएसबी और नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के जवानों ने संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में गश्त की।


संयुक्त गश्त का नेतृत्व नेपाल एपीएफ के कमांडर-इंस्पेक्टर नारायण तमांग एवं एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार ने किया। दोनों सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों ने सीमा क्षेत्र में पैदल गश्त करते हुए संवेदनशील स्थानों, सीमा मार्गों एवं आसपास के इलाकों का जायजा लिया।


संयुक्त पेट्रोलिंग के दौरान सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। साथ ही, सीमा से जुड़े स्थानीय रास्तों और ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिनका इस्तेमाल असामाजिक तत्व अथवा तस्कर अवैध गतिविधियों के लिए कर सकते हैं।


अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा खुली सीमा होने के कारण दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। सीमा पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, अवैध आवाजाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दोनों सुरक्षा बल लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।


संयुक्त गश्त के दौरान जवानों ने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया और सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा बलों को देने की अपील की।
एसएसबी और एपीएफ के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा को लेकर दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय आगे भी जारी रहेगा। नियमित संयुक्त गश्त से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।

Share this news

Leave a Comment