संवाददाता :रणविजय
नगर पंचायत पौआखाली में सोमवार से भगवान श्री गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे भक्तिभाव, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गणेश चतुर्थी को लेकर पूरे नगर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर, हनुमान मंदिर परिसर, नानकार महादलित टोला एवं अस्पताल चौक स्थित मिस्त्री पट्टी में गणपति पूजा का आयोजन किया गया है।
पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल तैयार कर भगवान श्री गणेश की दिव्य एवं भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। शाम होते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। गणपति बप्पा की आरती में महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल होकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, भक्ति गीतों और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आ रहा है। बच्चों और युवाओं में भी गणेश उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इधर, नगर पंचायत पौआखाली के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबुनसर आलम भी अपने समर्थकों के साथ नगर के विभिन्न गणेश पूजा पंडालों में पहुंचे।
उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर गणेश चतुर्थी की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।
इस मौके पर अबुनसर आलम ने कहा कि “हमारा इलाका शुरू से ही गंगा-जमुनी तहजीब का इलाका रहा है। यहां सभी धर्मों के पर्व-त्योहारों पर दोनों ही समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मिलजुलकर खुशियां साझा करते हैं। यही हमारी सामाजिक एकता और आपसी प्रेम की पहचान है। पर्व-त्योहार हमें एक-दूसरे के करीब लाने और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देते हैं।
गणेश उत्सव को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्य जदयू नगर युवाध्यक्ष कुणाल कुमार सिन्हा, सोनू कुमार राय, ऋतिक रॉय, विवेक कुमार राय, गणेश राय, महेश राय, विष्णु राय, अभय कुमार राय, नमन साह, अभिषेक राय, शिवम साह, विश्वजीत साह, निखिल सहित स्थानीय श्रद्धालु सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। पूजा को लेकर नगर में उत्सवी और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट: