संवाददाता: विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत के नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन के समीप निर्माणाधीन पावर हाउस को लेकर निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है।
भाजपा प्रखंड अध्यक्ष देव मोहन सिंह एवं पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रवि कुमार दास ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी करते हुए कनकई नदी के लोकल बालू, घटिया दर्जे की ईंट तथा सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित शिलापट्ट भी नहीं लगाया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकारी राशि से कराए जा रहे निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की मांग की है।
मामले को लेकर सिविल एसडीओ शेखर कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य में अनियमितता से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि स्थल पर दो ट्रैक्टर कनकई नदी का बालू तथा तीन नंबर ईंट के इस्तेमाल की शिकायत सामने आई है। मामले की जांच कराई जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित संवेदक के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन में ठहराया जा रहा है। इससे भवन परिसर में गंदगी फैलने की बात कही जा रही है। लोगों ने पंचायत सरकार भवन को साफ-सुथरा रखने तथा सरकारी भवन के उपयोग को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।