इरफान/ किशनगंज
पोठिया प्रखंड अंतर्गत अर्राबाड़ी स्थित कृषि कॉलेज के बांध पर रविवार की रात करीब आठ बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बुलेट बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर बांध से करीब 50 फीट नीचे महानंदा नदी किनारे जा गिरे। दुर्घटना में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
घायलों की पहचान रायपुर पंचायत के खरखरी वार्ड संख्या 08 निवासी तनय कुमार (19), पिता जितेंद्र रॉय तथा कौसिक कुमार रॉय (17), पिता कमल कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई बताए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक चार युवकों के साथ दो बाइक पर सवार होकर अर्राबाड़ी थाना के समीप बने रास्ते से बांध के रास्ते छत्तरगाछ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कृषि कॉलेज के गेट नंबर एक और श्मशान घाट के समीप बांध पर बने मोड़ के पास बुलेट बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बाइक सवार दोनों युवक करीब 50 फीट नीचे बड़े-बड़े बोल्डरों को पार करते हुए महानंदा नदी किनारे जा गिरे।
बाइक के नीचे गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना मिलते ही अर्राबाड़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायल युवकों को काफी मशक्कत के बाद ऊपर लाया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से बेहतर इलाज के लिए किशनगंज अस्पताल भेजा।
वहीं, हादसे में नीचे गिरी बुलेट बाइक को बाहर निकालना भी चुनौतीपूर्ण रहा। अर्राबाड़ी पुलिस और खरखरी के युवाओं ने काफी मशक्कत कर बाइक को ऊपर सड़क तक पहुंचाया।
स्थानीय ग्रामीण महबूब आलम ने बताया कि वे लोग बांध के ऊपर घूमने आए थे। इसी दौरान अचानक नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी। नीचे देखने पर दो युवक घायल अवस्था में पड़े दिखाई दिए। इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाकर तत्काल दोनों घायलों को ऊपर लाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
इधर, अर्राबाड़ी थाना पुलिस ने बांध के रास्ते से आवागमन करने वाले बाइक चालकों से वाहन को नियंत्रित गति में चलाने तथा मोड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।