न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

गणेश पूजा की कलश यात्रा से पहले बरंडी नदी में डूबे दो किशोर,एक की मौत, दूसरा को बचा लिया गया

फलका बाजार में मातम

फलका/कटिहार -सोमवार को फलका बाजार में गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश शोभायात्रा की खुशियाँ पल भर में मातमी सन्नाटे में तब्दील हो गईं।बरंडी नदी के निसुंदरा घाट पर स्नान करने के क्रम में पैर फिसलकर गहरे पानी में चले जाने से एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल-बाल बचा लिया।मृतक बालक की पहचान फलका बाजार निवासी तेजस कुमार (15 ) के रूप में हुई है।

वहीं सुरक्षित बचाए गए दूसरे बालक की पहचान उसी मोहल्ले के पीयूष कुमार (14) के रूप में की गई है।घटना के बारे में बताया जाता है कि तेजस और पीयूष अपने अन्य दोस्तों के साथ कलश शोभायात्रा से पहले निसुंदरा घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद पीयूष कुमार को कुछ ही समय में पानी से बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई।

हालांकि तेजस कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पाया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी खोजबीन के बाद तेजस को पानी से बाहर निकाला जा सका।घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलका लाया गया।जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तेजस कुमार को मृत घोषित कर दिया।वहीं पीयूष कुमार का अस्पताल में इलाजरत है।घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष अमरदीप कुमार सिंह ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई है। इस हृदय विदारक घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे फलका बाजार में शोक की लहर दौड़ गई है।मामले में अंचलाधिकारी सौमी पोद्दार ने बताया कि संबंधित राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर जांच रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए जल्द ही मृतक के आश्रित को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है।

Share this news

Leave a Comment