न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, एक सप्ताह में 63 गिरफ्तार,करोड़ो का मादक पदार्थ जब्त

संवाददाता/किशनगंज

जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 7 सितंबर से 13 सितंबर 2026 तक चलाए गए अभियान में विभिन्न मामलों में कुल 63 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

जिला पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी समेत अन्य मामलों में कार्रवाई की गई। वाहन एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 4 लाख 94 हजार 500 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 507 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर/हेरोइन, 814 ग्राम MDMA, 200 ग्राम गांजा, 126.075 लीटर विदेशी शराब और 55.055 लीटर देसी शराब बरामद की। इसके अलावा 10 मवेशी, एक ट्रैक्टर, चार मोटरसाइकिल, दो साइकिल, तीन टोटो, एक जुगाड़ गाड़ी और तीन मोबाइल भी जब्त किए गए।

अभियान के दौरान एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़े सामान में तीन तिरपाल, एक तास की गड्डी, 102 पीस इलेक्ट्रिक आयरन, 444 पीस इलेक्ट्रिक आयरन का सामान, 304 पीस श्री-प्लस, 880 पीस लॉटरी टिकट, 106 बोरा यूरिया खाद और 6,230 रुपये भारतीय मुद्रा भी जब्त की।

पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थ या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और अपराध एवं नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share this news

Leave a Comment