टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को तीज पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर महिलाओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर दिनभर व्रत रखा।
महिलाओं ने नए वस्त्र धारण कर सोलह शृंगार किया और हाथों में मेहंदी रचाई। घरों एवं आसपास के मंदिरों में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत आराधना की गई।
इस दौरान महिलाओं ने तीज की कथा सुनी और पारंपरिक गीतों के साथ पूजा संपन्न की। कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह बनाकर तीज के लोकगीत गाए तथा एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
बाजारों में भी पर्व को लेकर चहल-पहल रही। पूजा सामग्री, फल, मिठाई, मेहंदी, चूड़ी और शृंगार की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखी गई।
पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा। महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंगलवार को व्रत का पारण कर महिलाओं ने तीज पर्व का समापन किया।