टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज मटियारी स्थित पंचायत सरकार भवन कार्यालय में सोमवार को कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत 16 लाभार्थियों के बीच चेक का वितरण किया गया। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी, पंचायत सचिव सोनू कुमार एवं पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों की उपस्थिति में प्रत्येक लाभार्थी को तीन-तीन हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी ने बताया कि कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाती है। इसी के तहत पंचायत के 16 लाभार्थियों को तीन-तीन हजार रुपये की एकमुश्त सहायता राशि चेक के माध्यम से दी गई।
उन्होंने बताया कि पंचायत में जो लाभार्थी किसी कारणवश अभी तक योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं, उनका ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ऐसे छूटे हुए लाभार्थियों को भी जल्द ही चेक उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
चेक मिलने के बाद लाभार्थियों ने सरकार एवं पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान पंचायत सचिव और वार्ड सदस्यों ने भी योजना का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।