संवाददाता:अब्दुल करीम
शहर के अति व्यस्त चूड़ी पट्टी मार्केट में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जनरल स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।आग की लपटे इतनी तेज थी कि तीसरी मंजिल तक पहुंच गई जिससे अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
यही नहीं प्रभावित दुकान के ठीक बगल में नर्सिंग होम भी मौजूद है जिसमें भर्ती मरीजों में भी भय का माहौल देखा गया ।धुएं की वजह से उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ा
दुकानदार के मुताबिक, फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों के कारण दुकान के अंदर रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना के बाद बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास के दुकानदारों में भी दहशत फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दुकानदार ने बताया कि आगजनी की इस घटना में करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है।