किशनगंज में गणपति बप्पा की धूम:पूजा पंडालों में गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे, भक्ति भाव से पूजा-अर्चना में लीन हुए श्रद्धालु
संवाददाता:राहुल कुमार
किशनगंज जिले में गणेश चतुर्थी का त्योहार बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है।
गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर शहर के विभिन्न पूजा मंडपों और मंदिरों में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।शहर के धर्मगंज रेलवे फाटक के निकट स्थित विष्णु मंदिर के प्रांगण में भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है ।जहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी जा रही है। भक्त बड़ी संख्या में पहुंचकर विघ्न हरता भगवान गणेश की पूजा में जुटे दिखे।
श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं और मन्नतें मांग रहे हैं। विशेषकर महिलाओं और बच्चों में पूजा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
त्योहार को लेकर शहर के पूजा समितियों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर और विशाल पूजा पंडालों को विद्युत लाइटों, रंग-बिरंगे झूलों, फूलों और आकर्षक सजावटी सामग्रियों से भव्य रूप से सजाया गया है। ढोल-नगाड़ों की थाप और आरती की गूंज के साथ पूरा किशनगंज शहर गणेशोत्सव के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है।
उत्सव के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पूजा समितियों की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालु आराम से भगवान गणेश के दर्शन कर सकें, इसके लिए मुख्य पंडालों के पास वालंटियर्स और सुरक्षा बल तैनात हैं।