सागर चंद्रा/ किशनगंज
शहर के फरिंगोला चौक वार्ड नंबर 9 स्थित हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों के द्वारा एक महिला के गले से चेन छिनतई की कोशिश करने का मामला सामने आया है। हालांकि सौभाग्यवश झपटमारों को सफलता हाथ नहीं लगी। परंतु सारी वारदात घटनास्थल के निकट लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान में जुट गई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से भी आवश्यक पूछताछ की। पीड़िता की पहचान फरिंगगोड़ा निवासी सुनीता चौहान पति शंभू चौहान के रूप में की गई है। वह होटल व्यवसाय से जुड़ी हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह सुनीता चौहान पूजा करने के लिए मंदिर पहुंची थी। पूजा कर घर वापस लौटने के दौरान एक बाइक सवार दो बदमाश उनके निकट पहुंचा और झपट्टा मारकर गले से चेन छीनने की कोशिश की। झटके के कारण सुनीता जमीन पर गिर कर चोटिल हो गई।
लेकिन उनका चेन बच गया। सुनीता के द्वारा शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोगों को जुटता देखकर बदमाश मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बदमाशों के भागने की दिशा में उनका पीछा भी किया। लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी।