न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

लापता बालक का शव संदिग्ध अवस्था में पुलिस ने किया बरामद,परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

कटिहार – शहर के एमजी रोड स्थित गोलछा कटरा के समीप एक खंडहरनुमा घर में तीन दिनों से लापता एक बालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिनोदपुर धोबी टोला निवासी गोपाल महलदार (12)के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

बालक का शव मिलने की खबर पाकर जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां कोहराम मच गया। मौसी और परिवार की अन्य महिलाओं के रोने-बिलखने से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। सदमे में कई महिलाएं बेहोश भी हो गईं, जिन्हें आसपास के लोगों ने बमुश्किल संभाला। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और परिजनों का फर्दबयान दर्ज कर मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एक दरवाजे में नया ताला लगा हुआ था और बालक का एक पैर उसी दरवाजे में फंसा हुआ था। जबकि उसका पूरा शरीर नीचे की ओर लटका हुआ था।

शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि बालक इस वीरान खंडहर तक कैसे पहुंचा और मौत की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव को यहां लटकाए जाने की गंभीर आशंका जताई है। पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Comment