न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पांचवें दिन भी जारी रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान, 50 हजार जुर्माना वसूला

किशनगंज: शहर को जाम से मुक्त कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर नगर परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। नगर परिषद की टीम ने रेलवे स्टेशन से धर्मगंज चौक, कैलटेक्स चौक होते हुए बाल मंदिर और पूरबपाली चौक तक अभियान चलाकर सड़क व नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।

दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान कई स्थानों पर नालों के ऊपर बनाए गए पक्के चबूतरे और सीढ़ियों को जेसीबी की मदद से तोड़कर रास्ता समतल कराया गया। अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी गई।

अभियान के दौरान कैलटेक्स चौक पर एक अतिक्रमणकारी द्वारा प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों से कुल 50 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।

कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर मनीष पासवान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस जवान तैनात रहे। नगर परिषद के कमलेश कुमार, राकेश रामदास, राजेश साह, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, धीरज कुमार, अमरजीत पासवान, अजय भगत, कमल सिंह समेत राजस्व कर्मी, वार्ड जमादार और स्वच्छता साथियों ने अभियान में सहयोग किया।

Share this news

Leave a Comment