न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

तेज रफ्तार बुलेट ने अपाची बाइक में मारी टक्कर, वार्ड सदस्य समेत चार घायल

एक ही बुलेट पर सवार थे तीन नाबालिग दोस्त, हादसे में बुलेट चालक और वार्ड सदस्य को गंभीर चोट; सभी घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

इरफान/पोठिया

पोठिया प्रखंड की रायपुर पंचायत स्थित अर्राबाड़ी बस्ती के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। बुलेट और अपाची मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में अर्राबाड़ी पंचायत के वार्ड संख्या-05 के सदस्य मोहम्मद शमीम अख्तर और बुलेट चालक सुजीत कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, ठाकुरगंज प्रखंड के चुरली बादल चौक, वार्ड संख्या-07, थाना गलगलिया निवासी तीन दोस्त सुजीत कुमार (17), नौशाद (16) और फैजान (17) एक ही बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर किशनगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अर्राबाड़ी बस्ती के समीप वार्ड सदस्य मोहम्मद शमीम अख्तर अपनी अपाची बाइक से बाजार की ओर से घर जाने के लिए सड़क पर मुड़ रहे थे। तभी तेज रफ्तार बुलेट अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। गंभीर रूप से घायल वार्ड सदस्य मोहम्मद शमीम और फैजान को किशनगंज अस्पताल भेजा गया, जबकि सुजीत कुमार और नौशाद को छत्तरगाछ रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए किशनगंज रेफर कर दिया।

स्थानीय ग्रामीण अंजार आलम ने बताया कि तीनों युवक एक ही बुलेट पर सवार होकर ठाकुरगंज की ओर से तेज रफ्तार में किशनगंज जा रहे थे। इसी दौरान वार्ड सदस्य अपनी बाइक से घर लौटने के लिए सड़क पर मुड़ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि वार्ड सदस्य शमीम को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बुलेट चालक सुजीत के सिर में भी गंभीर चोट लगी है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही अर्राबाड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया।

वहीं, घायल सुजीत कुमार के पिता सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि उनका बेटा घर से ठाकुरगंज में कोचिंग जाने की बात कहकर निकला था। उन्हें जानकारी नहीं थी कि वह दो दोस्तों के साथ एक ही बुलेट पर सवार होकर किशनगंज जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन चुरली से छत्तरगाछ अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में बेटे की गंभीर हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

फिलहाल चारों घायलों का इलाज जारी है।

Share this news

Leave a Comment