आक्रोशित ग्रामीणों ने किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क को किया जाम, टायर जलाकर किया प्रदर्शन; अवैध बालू खनन पर रोक लगाने की मांग
इरफान/पोठिया
किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क मार्ग पर गुरुवार को हाजीचौक तैयबपुर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए अवैध बालू खनन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के परिचालन को जिम्मेदार ठहराया।
मृतक की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र की बुढ़नई पंचायत के झारबाड़ी टप्पू निवासी सेवानिवृत्त चौकीदार मोहम्मद ऐनुल के पुत्र नूर अली के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, नूर अली बाइक से अपने घर से ठाकुरगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाजीचौक तैयबपुर के पास देवीचौक की तरफ से आ रहे बालू लदे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की असमय मौत से गुस्साए लोगों ने किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहे अवैध बालू खनन और बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इधर, जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-टू मनोज कुमार, पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडेय तथा चिचुआबाड़ी ओपी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। वहीं, चिचुआबाड़ी ओपी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। समाचार प्रेषण तक पुलिस अधिकारी लोगों को शांत कराने और जाम हटवाने में जुटे हुए थे।