कटिहार में देव गुरु धर्म की कृपा बरसी है- मुनि प्रशांत
कटिहार – मुनिश्री प्रशांत कुमार एवं मुनिश्री कुमुद कुमार के सान्निध्य में कटिहार चातुर्मास का चौथा मासखमण तप अभिनंदन आयोजित हुआ। अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुनिश्री प्रशांत कुमार ने कहा- भगवान महावीर स्वामी ने ज्ञान, दर्शन, चारित्र और तप को सर्वाधिक महत्व इसलिए दिया क्योंकि ये चारों मोक्ष के मार्ग है। अनन्त जन्मों के लगे कर्मों से मुक्त होने के उपाय है ये चारों।

चातुर्मास में इनकी वृद्धि हो ऐसा प्रयास रहता है। कटिहार में इनकी अभिवृद्धि हुई है। व्यक्ति ज्ञान, दर्शन की आराधना करता है लेकिन वह प्रकट में दिखता कम है।वह भीतर रहता है। जैन धर्म में तप को विशेष महत्त्व दिया गया। लम्बे समय तक बिना खाएं निरंतर निराहार रहना आश्चर्यजनक लगता है। कटिहार में देव गुरु धर्म की कृपा बरसी है। इनकी कृपा से ही श्रावक समाज में तप के प्रति भाव उत्पन्न हुए हैं। उनसे ही हमें शक्ति मिलती है।चार महीने का चातुर्मास चार मासखमण, प्रवचन में श्रावक समाज की जागरूकता।
अनेकों दृष्टि से प्रवास आध्यात्मिकता से परिपूर्ण रहा। पहले विकास ने फिर श्रीमती मौसम भंसाली ने दोनों ने मासखमण तप करके जीवन में नया इतिहास बनाया है। मौसम ने जागरुकता से तप किया है। परिवार का पूरा सहयोग मिला।रायचंद जी जैन उड़ीसा कांटाबांजी के धर्मनिष्ठ श्रावक थे। उन्होंने आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी के जीवन परिचय को उड़िया भाषा में अनुवाद कर साहित्य की सेवा की है। मुनिश्री कुमुद कुमार ने कहा- देव गुरु धर्म की कृपा से प्रकृति भी अनुकूल बन जाती है।सारे संकट अपने आप दूर हो जाते है।देव, गुरु, धर्म की आसातना से बचना चाहिए।
समर्पित भाव से धर्मसंघ की सेवा करते रहें। गुरु का चिंतन विराट होता है। वे संघ- समाज हित को सर्वोपरि रखते हैं। तीर्थंकर के प्रतिनिधि रुप में संघ विकास में सतत् प्रयत्नशील रहते हैं। मौसम भंसाली को इन तीनों की कृपा से इतना बड़ा तप करने का योग मिल गया।
हनुमान नाहटा ने बताया कि वीर सुराणा के मंगलाचरण से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। साध्वी प्रमुखा विश्रुत विभा, मुनिश्री ज्ञानेंद्र कुमार , मुनिश्री रमेश कुमार, मुनिश्री चैतन्य कुमार, साध्वी शिवमाला, साध्वी सूरजप्रभा- लावण्य यशा के संदेश का वाचन मुनिश्री कुमुद कुमार ने किया। सभा अध्यक्ष विमल बैंगाणी, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष मनीष नाहटा, तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष संगीता पटावरी, नेपाल बिहार सभा अध्यक्ष विरेंद्र संचेती, गौतम सुराणा, महिला मंडल मंत्री सुमन पुगलिया, सुश्री दर्शिता भंसाली, नम्रता भंसाली, विकास भंसाली, भंसाली परिवार, गुवाहाटी से समागत दिलीप दुगड़ ने विचार व्यक्त किए।
प्रशस्ति पत्र वाचन सभा मंत्री राजकुमार पुगलिया ने किया। सभा, मंडप, तेयुप ने प्रशस्ति पत्र एवं साहित्य द्वारा अभिनंदन किया। उड़िया भाषा में अनुवादित पुस्तक मुनिश्री को दिलीप दुगड़ एवं राजकुमार पुगलिया ने भेंट की।कार्यक्रम का संचालन मुनि श्री कुमुद कुमारजी ने किया।