हसनगंज /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शनिवार को छठ पूजा के दूसरे दिन खरना को लेकर व्रतियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही व्रती महिलाएं और पुरुष खरना का प्रसाद बनाने की तैयारियों में जुटे रहे। घरों में साफ-सफाई और पूजा-पाठ के बाद पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया गया।
खरना के अवसर पर व्रतियों ने पारंपरिक तरीके से गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद तैयार किए। प्रसाद बनाने के लिए मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी का विशेष महत्व देखा गया। व्रती पूरी शुद्धता और नियम-निष्ठा के साथ प्रसाद तैयार करते नजर आए।
शाम के समय भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया।वही रविवार को व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का माहौल बना हुआ है।