छठ घाटों को सजाने-संवारने का काम अंतिम चरण में, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
राजेश दुबे/किशनगंज
लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को जिलेभर में छठ व्रतियों ने पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधि-विधान से खरना पूजा की। खरना पूजा के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर पूरे सीमांचल में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। छठी मइया के पारंपरिक गीतों से घर-आंगन से लेकर बाजारों तक वातावरण छठमय हो गया है।छठ मैया के गीतों से माहौल भक्तिमय हो चुका है।
छठ पर्व को लेकर किशनगंज शहर सहित ग्रामीण इलाकों के बाजारों में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। व्रती और श्रद्धालु फल, फूल, नारियल, केला, गन्ना सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की खरीदारी में जुटे रहे। बाजारों में छठ पर्व की रौनक देखते ही बन रही है। खास बात यह है कि महंगाई के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। लोग पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं।
वहीं, रविवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसको लेकर शहर से लेकर गांव तक छठ घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का काम अंतिम चरण में है। घाटों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
इधर, छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज सहित अन्य अधिकारी लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से सभी संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि लोक आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।