मुरलीधर झा/दिघलबैंक
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शनिवार को सतकौवा पंचायत अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से की गयी एवं पर्व को लेकर घाटों की साफ-सफाई, सजावट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय शंकर कुमार ने बताया कि सतकौवा पंचायत अंतर्गत कई घाटों पर पिछले करीब 40 वर्षों से श्रद्धालु छठ पूजा करते आ रहे हैं। छठ महापर्व के अवसर पर पंचायत के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि छठ पूजा के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पूजा के दौरान सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
वहीं, नैनभिट्ठा नदी घाट पर छठ पूजा के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 15 एवं 16 नवंबर की रात्रि में आयोजित होगा। इसमें पश्चिम बंगाल से आने वाली मंडली द्वारा सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों एवं आयोजन समिति में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास किया जा रहा है।
छठ पूजा को लेकर पंचायत क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और उमंग का माहौल है। विभिन्न घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि शिव कुमार, शंकर कुमार, गौरी प्रसाद सिंह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।