न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

हथियार के बल पर युवक का अपहरण,कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा,6 पर प्राथमिकी दर्ज

पुश्तैनी जमीन विवाद में दिया गया वारदात को अंजाम

बचाने पहुंचे परिजनों को भी लाठी-डंडे से पीटकर किया घायल

फलका /कटिहार – फलका थाना क्षेत्र के भरसिया फुटानी हाट के समीप शुक्रवार की शाम पुश्तैनी जमीन विवाद को लेकर भू- माफियाओं ने हथियार के बल पर एक युवक का अपहरण कर और कमरे में बंद कर बेरहमी से मारपीट किया। इस घटना में युवक को बचाने पहुंचे उसके परिजनों पर भी लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।

मामले को लेकर पीड़ित गिरयामा चौक निवासी मो. सुल्तान ने फलका थाने में आवेदन देकर छह लोगों को नामजद किया है। पीड़ित मो. सुल्तान ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि शुक्रवार की शाम वह घरेलू सामान खरीदने भरसिया फुटानी हाट गया था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर छह आरोपी अवैध हथियार से लैस होकर वहां पहुंचे।आरोप है कि मो.नसीम अख्तर ने उसकी पीठ पर हथियार सटा दिया और मुंह बांधकर जबरन उठाकर अपने घर ले गया।

इस दौरान बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
आरोपियों ने युवक को घर के एक कमरे में बंद कर उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि नसीम अख्तर ने उसके गले पर धारदार हथियार रख दिया, जबकि सहवाज ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित ने किसी तरह धक्का देकर खुद को छुड़ाया और कमरे की खिड़की से शोर मचाया। गांव की एक महिला से सूचना मिलने पर जब उसके पिता मो. इजहार, नजीम खातून और मो. सिबण उसे बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडे से हमला कर घायल कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर पिछले करीब 100 वर्षों से उनका दखल- कब्जा है,जिसे आरोपी फर्जी कागजात तैयार कर हड़पना चाहते हैं।इस विवाद को लेकर अंचलाधिकारी द्वारा पूर्व में बैठक भी कराई गई थी,लेकिन आरोपी द्वारा दबंगई दिखाते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।दूसरी ओर आरोपी पक्ष ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।पीड़ित ने छीने गए मोबाइल की बरामदगी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामले में फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर छह नामजद लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment