सालमारी /कटिहार – बलिया बेलौन क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत बलिया बेलौन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों के पास से 102.18 ग्राम स्मैक जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद की गई। थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री की गुप्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार के रात में बघवा पुल के पास बाइक सवार दोनों संदिग्धों को पकड़ा और तलाशी के दौरान उनके पास से स्मैक बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है तथा दोनों आरोपी गोलाम सरवर( 21) , वसीम अख्तर (26) दोनों ग्राम कालीदासपुर थाना बलिया बेलौन का रहने वाला है। दोनों के विरुद्ध औषधि और मादक पदार्थ की एनडीपीएस एक्ट की धारा आठ सी, 21 बी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए न्यायिक प्रक्रिया के लिए कटिहार न्यायालय भेजा गया है।
उक्त तस्कर का अपाची बाइक जप्त करते हुए दो मोबाइल बरामद की गयी है। पुछताछ के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। और स्मैक की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाने चाहिए। थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।