अररिया/अरुण कुमार
अररिया जिले के कुंवाड़ी थाना क्षेत्र के पहुंसी-बलचंदा मार्ग पर शनिवार सुबह महर्षि मेंही प्रोजेक्ट हाई स्कूल चौक के समीप अमित भगत (निवासी पहुंसी, वार्ड संख्या-2) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, अमित भगत अपनी कार से घर से निकले थे।
इसी दौरान सामने से आ रही बोलेरो पिकअप ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद हमलावरों ने पिस्टल से दो गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली अमित के सिर में लगी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं।एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि अमित रजिस्ट्री ऑफिस में मोहर्रिर के मुंशी के रूप में कार्यरत थे।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अवैध संबंध सामने आई है। पुलिस ने पिकअप चालक और मुख्य भूमिका में शामिल बताए जा रहे लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अमित की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।