सागर चंद्रा/ किशनगंज
टाउन थाने की पुलिस ने शहर के सफा नगर में घटित चोरी की घटना का सफल उद्भेदन किया है। चोरी गए सामान के साथ एक चोर को वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुलिस लाइन घोड़ा मारा निवासी 40 वर्षीय गोरे लाल कामती पिता फेंकू कामती के रूप में की गई है। फिलहाल पुलिस हाल के दिनों में शहर में घटित चोरी की घटनाओं में आरोपी की संलिप्तता की जांच कर रही है।
बताते चलें कि गत 6 नवंबर को शहर के सफानगर स्थित एक घर में चोरी की घटना घटित हुई थी। गृहस्वामी मुखलिस आलम पिता मोहसीन घर के तीसरी मंजिल पर सो रहे थे। जबकि चोर नीचली मंजिल के खिड़की को तोड़ कर कमरे में प्रवेश कर गया।
चोर ने कमरे में रखे आलमारी को तोड़ कर 1.5 लाख रुपये के साथ साथ सोने का चेन 2 भरी का व सोने का झुमका एक भरी का सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गया था। सुबह जब गृह स्वामी घर से बाहर निकले तो उन्हें खिड़की खुली मिली।
कमरे में प्रवेश करने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला और आलमारी भी टूटी पड़ी थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने पर पाया गया कि देर रात चोर खिड़की तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया और सारा सामान चोरी कर भाग गया था।