संवाददाता:निसार अहमद
बहादुरगंज थाना क्षेत्र की समेश्वर पंचायत अंतर्गत चारघरिया वार्ड संख्या-15 में शनिवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोपालपुर निवासी सिनोद कुमार हरिजन उम्र 25 वर्ष, पिता हरिलाल हरिजन के रूप में हुई है। उसका शव ससुराल से महज 200 मीटर की दूरी पर बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, सिनोद कुमार की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ममता देवी पिता सुरेन्द्र प्रसाद हरिजन से हुई थी। बताया जाता है कि युवक पिछले एक महीने से अपने ससुराल में ही रह रहा था। शव मिलने के बाद मृतक के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि उनके बेटे की हत्या ससुराल वालों ने ही की है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
युवक का शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी