न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

खरना पूजा को लेकर किशनगंज में उमड़ा उत्साह, फल-फूल की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़, छठ घाटों को दिया जा रहा अंतिम रूप

किशनगंज/प्रतिनिधि

लोक आस्था के महापर्व छठ का आज दूसरा दिन है। आज छठ व्रती पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधि-विधान से खरना पूजा करेंगे। खरना को लेकर सीमावर्ती किशनगंज जिले में उत्साह और उमंग का माहौल है। छठ पर्व की रौनक से बाजार गुलजार हैं। सुबह से ही फल, फूल, नारियल, केला सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

खास बात यह है कि छठ पर्व को लेकर बाजारों में महंगाई का भी कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। लोग पूरे उत्साह के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। चारों ओर छठी मइया के गीतों और भक्तिमय माहौल से वातावरण छठमय हो गया है।

इधर, रविवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसे लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाकर दुल्हन की तरह तैयार किया जा रहा है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

छठ पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज सहित अन्य अधिकारी लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान अधिकारियों द्वारा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Share this news

Leave a Comment