न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

मनिहारी के उत्तरवाहिनी गंगातट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

छठ की अद्भुत छटा, भक्तिमय माहौल में डूबा जनजीवन

मनिहारी /कटिहार – लोक आस्था,पवित्रता, आत्मानुशासन और सूर्योपासना का महापर्व छठ को लेकर पूरे बिहार में इन दिनों अद्भुत भक्तिमय छटा बिखर रही है। गांव से लेकर शहर तक छठी मइया के पारंपरिक गीतों से वातावरण गुंजायमान है। घरों में प्रसाद निर्माण,घाटों की साफ-सफाई और साज-सज्जा के बीच चार दिवसीय महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इसी क्रम में जिले के मनिहारी स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट पर छठ अनुष्ठान एवं गंगास्नान को लेकर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्रती एवं श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए मनिहारी पहुंच रहे हैं। गंगा तट पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य दिखाई दे रहा है। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ एवं व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है।

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मनिहारी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर वहां की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथ, रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इसके उपरांत समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक सक्रियता के बीच मनिहारी का उत्तरवाहिनी गंगातट एक बार फिर आस्था के विराट संगम का साक्षी बन रहा है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की तैयारियों के बीच गंगा तट पर उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़ बिहार की समृद्ध लोकपरंपरा, सांस्कृतिक विरासत और अटूट धार्मिक आस्था की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।

इस मौके पर एसडीएम त्रिलोकी नाथ सिंह, एसडीपीओ बिनोद कुमार,नगर कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार,पुलिस निरीक्षक पप्पु कुमार, थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा, राजस्व पदाधिकारी रामसागर पासवान सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे ।

Share this news

Leave a Comment