कोढ़ा /कटिहार-कोढ़ा थाना क्षेत्र के चरखी स्थित मखाना फोड़ी परिसर में दीपावली की रात शराब के नशे में धुत युवकों द्वारा मचाए गए उत्पात ने एक हंसते-खेते परिवार को उजाड़ दिया। शराब के नशे में चूर पांच युवकों ने मामूली बात पर इतना खौफनाक कदम उठाया कि बीच-बचाव करने आए एक बुजुर्ग की सिर पर बांस से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना 8 नवंबर की रात की है। मृतक के पुत्र राजा कुमार सहनी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक वह अपने मखाना परिसर में मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही मंटू ऋषि (30), विक्रम ऋषि (23), राजूप ऋषि (19), संजय ऋषि (22) और कुंदन ऋषि पूरी तरह शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंचे और बेधड़क पटाखे फोड़ने लगे। शराब के नशे में चूर इन आरोपियों ने राजा कुमार सहनी के शरीर पर जलता हुआ पटाखा फेंक दिया।
जब राजा ने इसका विरोध किया तो पांचों आरोपी गंदी-गंदी गालियां देने लगे और लाठी-डंडों के साथ मारपीट पर उतर आए। शोर – शराबा सुनकर राजा के पिता सुरेश सहनी (56) जो दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना अंतर्गत नवाबनगर के रहने वाले थे और परिवार का पेट पालने के लिए यहां मखाना फोड़ने का काम करते थे, बीच-बचाव करने पहुंचे।
जैसे ही उन्होंने विवाद शांत कराने की कोशिश की, शराब के नशे में चूर मंटू ऋषि ने गुस्से में आकर बांस से उनके सिर पर दो बार जोरदार, ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। इस गंभीर हमले से बुजुर्ग बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल सुरेश सहनी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का खुला आरोप है कि पुलिस-प्रशासन के लाख दावों के बावजूद इलाके में देसी और विदेशी शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यही शराब इन असामाजिक तत्वों की ताकत बनती है, जो नशे में धुत होकर आम लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की और घटना में शामिल पांचों नामजद आरोपियों सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।