सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश; खतरनाक घाटों पर नाव परिचालन रहेगा प्रतिबंधित
किशनगंज/प्रतिनिधि
छठ महापर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की। बैठक में छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम नवीन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण छठ घाटों का स्वयं निरीक्षण करें। घाटों पर पानी की गहराई का आकलन कर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराई जाए। साथ ही प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।
उन्होंने प्रत्येक प्रमुख छठ घाट पर छोटा कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा वहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल एसडीएम, एसडीपीओ अथवा जिला पदाधिकारी को सूचना देने को कहा गया। घाटों पर गोताखोरों की उपलब्धता, एनडीआरएफ की आवश्यकता का आकलन और पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
वहीं, एसपी संतोष कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को तेज रफ्तार बाइक और अन्य वाहनों पर विशेष निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संध्या अर्घ्य के बाद पुलिसकर्मी तब तक घाटों पर तैनात रहेंगे, जब तक सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से वापस नहीं लौट जाते। जिन घाटों पर अधिक गहराई के कारण दुर्घटना की आशंका है, वहां नाव परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
डीएम एवं एसपी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।