गंगातट पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने बचाई जान
नाव में अचानक झटका लगने से हुआ हादसा
डीएम ने एसडीआरएफ टीम को दिया साधुवाद
मनिहारी /कटिहार – मनिहारी के उत्तरवाहिनी गंगा तट पर गुरुवार को नौघाट से मनिहारी आ रही यात्रियों से खचाखच भरी नाव से 17 वर्षीय बालिका गंगा नदी में गिर गई। नाव में अचानक झटका लगने से बालिका संतुलन खो बैठी और पानी में गिरकर डूबने लगी। घटना मनिहारी घाट से करीब 200 मीटर पहले हुई। संयोगवश पास में मौजूद एसडीआरएफ की टीम की नजर डूबती बालिका पर पड़ गई।
टीम के एक जवान ने तत्काल गंगा में छलांग लगाकर बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बालिका की पहचान मनसाही प्रखंड के मोहनपुर निवासी मानसी के रूप में हुई है। वह अपनी दीदी के घर से वापस मोहनपुर स्थित अपने घर लौट रही थी। बताया जाता है कि वह नाव के ऊपरी हिस्से में बैठी थी। इसी दौरान अचानक झटका लगने से वह नदी में गिर गई। सूचना मिलने पर मनिहारी आरओ सह सीओ रामसागर पासवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी।
नाविकों की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सभी नाविकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की ओर से ऑटो व्यवस्था कर युवती को सुरक्षित घर पहुंचाया गया।
इस बीच छठ घाट का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम आशुतोष द्विवेदी ने घटना पर एसडीआरएफ टीम की सराहना की। उन्होंने जवानों को साधुवाद देते हुए कहा कि टीम ने तत्परता दिखाकर बच्ची की जान बचाई है। इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है।