सागर चंद्रा/ किशनगंज
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के पश्चिमपाली परिसर स्थित ट्रांसफॉर्मर रिपेयर वर्कशॉप में अचानक आग लग जाने मामले में कनीय विद्युत अभियंता दीपक कुमार के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में सन्हा दर्ज किया गया है। सनहा दर्ज कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताते चलें कि गत गुरुवार दोपहर ट्रांसफॉर्मर रिपेयर वर्कशॉप में अचानक आग लग गई थी। घटना स्थल के आसपास ट्रांसफार्मर का तेल गिरे रहने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था। आग की विभिषिका के साथ निकलने वाले काले धुआं के गुबार को देखते हुए लोग सहम गए थे।
हालांकि मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पा लिया था। घटना के कारण वर्कशॉप भवन एवं परिसर में रखे विभिन्न विभागीय विद्युत उपकरणों, सामग्रियों तथा अन्य संपत्तियों को व्यापक क्षति पहुंची है। शुरूआती जांच में घटना शॉर्ट सर्किट से होना पाया गया है।
बताया जाता है कि घटना से विभाग को लगभग 75 लाख रूपये का आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। आग लगने के वास्तविक कारणों एवं क्षति का विस्तृत आकलन फिलहाल किया जा रहा है और बीमा कम्पनी को भी घटना की जानकारी दे दी गयी है।
साथ ही बीमा दावा की प्रक्रिया शुरू करने और क्षति का आकलन कराने के लिए अधिकृत बीमा सर्वेयर के द्वारा स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए विभाग के द्वारा एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।