कमी को दूर करने का दिया गया निर्देश
कटिहार – लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर के विभिन्न घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी बीच सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ शहर के विभिन्न छठ पूजा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विजय बाबू पोखर, बालूघाट और दो नंबर कॉलोनी सहित अन्य छठ घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि ने घाटों पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली और जहां भी आवश्यक कमियां नजर आईं, उन्हें दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।
उन्होंने नगर आयुक्त से दूरभाष पर बात कर छठ घाटों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने, जरूरत के अनुसार विभिन्न स्थानों पर मिट्टी की व्यवस्था करने तथा साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने का आग्रह किया।इस दौरान सुनील कुमार यादव ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर हर वर्ष की तरह इस बार भी वे कटिहार जिले के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। महापर्व में बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी सामने आ रही है, उसे लेकर संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को घाटों पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन और नगर निगम को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और मिट्टी की उपलब्धता जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व में स्वच्छता और व्यवस्था का विशेष महत्व है। सभी घाटों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुरक्षित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेता दिलीप विश्वास, प्रोफेसर विनोद यादव, प्रहलाद गुप्ता,आनंद कुमार सिंह,अखिलेश पोद्दार, सुबोध कुमार, इम्तियाज उल हक के कई नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।