न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

महानंदा नदी के बगलवारी छठ घाट का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा, रोशनी और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता/किशनगंज

छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने संयुक्त रूप से कोचाधामन प्रखंड की बगलवारी पंचायत स्थित महानंदा नदी के छठ घाट का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन के समीप मस्तान चौक के पास स्थित इस घाट पर दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने घाट तक पहुंचने के रास्ते, पूजा-अर्चना और अर्घ्य अर्पित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं के साथ बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था की जानकारी ली। डीएम नवीन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संध्याकालीन और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इसके लिए घाट पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, एसपी सागर कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को छठ घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज,जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सह ओएसडी, जिला दिव्यांगजन पदाधिकारी सह नजारत उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी कोचाधामन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

Share this news

Leave a Comment