स्कूल से लापता हुई थी किशोरी, चेन्नई के कमरे में फंदे से लटका मिला था शव; पूर्व विधायक मुजाहिद आलम की पहल पर दर्ज हुआ मामला
डेस्क:अमौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय नाबालिग का शव बुधवार को चेन्नई से उसके पैतृक गांव अमौर पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में गमगीन माहौल में इस्लामिक रीति-रिवाज के अनुसार मृतका को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जानकारी के अनुसार मृतिका विद्यालय से लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 6 नवंबर को परिवार को सूचना मिली कि चेन्नई के किलपक्कम थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कमरे में किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मृतका का भाई स्थानीय थाने पहुंचा। वहां उसे पता चला कि ढरिया गांव का अजीम, जो कथित तौर पर किशोरी को अपने साथ लेकर गया था, ने यूडी केस दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।
परिजनों का आरोप है कि जब मृतका के भाई ने थाने में अपनी बात रखनी चाही तो उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद परिजनों ने इस मामले की शिकायत कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम से की। पूर्व विधायक ने अपने इंसान स्कूल के साथी एवं चेन्नई में पदस्थापित वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी से संपर्क कर मामले में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
इसके बाद मृतका के भाई के आवेदन पर चेन्नई के किलपक्कम थाने में कांड संख्या 259/2026 दर्ज किया गया। मामले में आरोपी अजीम और उसके भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
इधर, मृतका का शव बागडोगरा पहुंचने के बाद पूर्व विधायक बहादुरगंज अंजार नईमी की ओर से उपलब्ध कराए गए एंबुलेंस से फिरदौस बाबू ने शव को उसके घर तक पहुंचाया। शव पहुंचने के बाद पूरे गांव में मातम पसरा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
नाबालिग किशोरी की मौत के मामले में चेन्नई पुलिस की कार्रवाई के बाद अब परिजनों को न्याय मिलने की उम्मीद है।