इरफान/पोठिया
प्रखंड के गोरुखाल पंचायत अंतर्गत कोईमारी गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शातिर चोरों ने बांस की सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल होकर करीब 20 भरी सोना, 30 भरी चांदी के आभूषण और छह लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर लिया। दो महीने बाद घर में बेटी की शादी होने वाली थी। ऐसे में जीवन भर की जमापूंजी लुट जाने से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खिड़की की ग्रिल खोलकर अंदर घुसे चोर
पीड़ित गृहस्वामी इलियास ने बताया कि बीती रात परिवार के सभी सदस्य बगल के कमरों और बरामदे में सो रहे थे। जिन तीन कमरों में चोरी हुई, उनके दरवाजे बाहर से लॉक थे। चोरों ने मकान के बाहर से बांस की सीढ़ी लगाई और तीनों कमरों की खिड़कियों में लगी लोहे की मजबूत ग्रिल को खोलकर अंदर प्रवेश कर गए। अंदर घुसने के बाद चोरों ने बड़े इत्मीनान से सभी बक्सों के ताले तोड़े और जेवरात व नकदी समेट ली। सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तो तीन खिड़कियों के ग्रिल खुले मिले और घर के पीछे स्थित खेत में टूटे हुए बक्से व कपड़े बिखरे पड़े थे।
पुणे में मजदूरी कर बेटे ने जोड़ी थी पाई-पाई
गृहस्वामी इलियास ने बताया कि दो माह बाद उनकी पुत्री की शादी है। शादी की तैयारियों के लिए महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी करने वाले उनके बेटे और उन्होंने खुद पाई-पाई जोड़कर ये आभूषण बनवाए थे और नकदी जमा की थी। चोरों ने एक ही झटके में पूरे परिवार के सपनों पर पानी फेर दिया। अब परिवार के सामने सबसे बड़ा संकट यह खड़ा हो गया है कि बेटी की शादी कैसे होगी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-टू मनोज कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ, पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अंजय अमन सहित कई थानों की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। वहीं, एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए हैं। एसडीपीओ-टू मनोज कुमार ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही कांड का उद्भेदन कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। गृहस्वामी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।