महापौर के नेतृत्व में शहर के प्रमुख छठ घाटों का हुआ निरीक्षण
पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं रोशनी को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कटिहार – लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम कटिहार की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। बुधवार को नगर निगम के महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष निरीक्षण कार्यक्रम के तहत शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ – सफाई, घाटों की व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत बीएमपी पोखर घाट से हुई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का क्रमवार निरीक्षण कर वहां की तैयारियों को देखा तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, उपमहापौर मंजूर खान,नगर आयुक्त संतोष कुमार सहित सशक्त स्थायी समिति के सदस्य प्रमोद महतो, नितेश सिंह, जिमी प्रकाश, बिपिन बिहारी चौबे, श्रीमती मंजू देवी, वार्ड पार्षद भोला साहनी एवं उमेश कुमार पासवान उपस्थित रहे।
वही निगम की ओर से सहायक अभियंता विवेक कुमार, कनीय अभियंता अजय सिंह, स्वच्छता प्रभारी कैलाश नारायण चौधरी सहित नगर निगम के विभिन्न पदाधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित कर्मी भी निरीक्षण दल में शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान शहर के बीएमपी पोखर घाट, कुम्हनिया घाट,कोशी मसान घाट, बालू घाट,तिनगछिया काली स्थान घाट, नवयुवक संघ घाट, महाभारत क्लब, बैगना घाट,विजय बाबू पोखर घाट,बालू पोखर घाट एवं
संतोषी चौक घाट का जायजा लिया।
यहां छठ पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान छठ घाटों पर साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, कचरे का समुचित उठाव,जलाशयों के किनारे की सफाई तथा श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों को व्यवस्थित रखने की आवश्यकता पर विशेष ध्यान देने की बात कही ।
इस दौरान महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल ने छठ महापर्व की महत्ता को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं तथा पूजा संपन्न होने तक संबंधित कर्मी अपने दायित्वों के प्रति सजग रहें।पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद एवं विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने भी घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त संतोष कुमार ने नगर निगम के संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव,प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।